सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
शिव लोक ट्रस्ट ने की श्मशान घाट प्रबंधन समिति की बैठक, 1235 लावारिस शवों का किया सम्मानजनक संस्कार
शिव लोक ट्रस्ट के तत्वाधान में गंगा तट भटूरा स्थित श्मशान घाट प्रबंधन समिति की त्रैमासिक बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में पिछली कार्यवाही की समीक्षा की गई और नई योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान श्मशान घाट परिसर में विद्युत व्यवस्था, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले के किसी भी क्षेत्र में मिलने वाली लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार शिव लोक ट्रस्ट के माध्यम से किया जाएगा।
श्मशान घाट के प्रबंधक वीरेंद्र पांडे ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से ट्रस्ट द्वारा लावारिस शवों का सम्मानजनक दाह संस्कार किया जा रहा है, जिसमें कफन, लकड़ी, हवन सामग्री और पुरोहित की व्यवस्था निशुल्क की जाती है। अब तक लगभग 1235 लावारिस शवों का संस्कार ट्रस्ट के माध्यम से किया जा चुका है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों में सुधाकर अवस्थी एडवोकेट, मेवालाल मौर्य एडवोकेट, रामानंद मौर्य, रमेश चंद्र विद्यार्थी, राजेंद्र प्रसाद साहू, रामविलास पाल नेताजी, तथा श्मशान घाट के सफाईकर्मी अखिलेश, उमेश और कर्मकांड करने वाले मुन्ना पांडे शामिल रहे।
ट्रस्ट के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यह सेवा समाज के प्रति हमारी मानवीय जिम्मेदारी है और आगे भी यह कार्य निरंतर जारी रहेगा।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ