सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
देव दीपावली पर ठाकुरद्वारा/मकबरा की पूजा को लेकर बवाल, पुलिस और महिलाओं में झड़प
फतेहपुर:
जिला मुख्यालय के आबूनगर रेडैया स्थित विवादित ठाकुरद्वारा/मकबरा स्थल पर देव दीपावली के अवसर पर उस समय बवाल मच गया जब पूजा करने पहुंची महिलाओं को पुलिस ने रोक दिया।
पुलिस की रोकटोक से नाराज महिलाओं ने वहीं आरती शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प जैसी स्थिति बन गई। महिलाओं का आरोप है कि घर के बाहर से ही पूजा करने पर पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि ठाकुरद्वारा/मकबरा विवाद माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। प्रशासन ने पहले से ही एहतियातन बैरीकेटिंग कर स्थल की घेराबंदी कर दी थी और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
सूत्रों के अनुसार, महिला नेतृत्वकर्ता और कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वहीं, हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं का कहना है कि यह स्थल प्राचीन शिव मंदिर है, जबकि मुस्लिम पक्ष का दावा है कि यह मकबरा है।
यह विवाद कोई नया नहीं है—इससे पहले भी इसी स्थल पर पूजा-अर्चना को लेकर तनाव की स्थिति बन चुकी है और जबरन पूजा करने के मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
देव दीपावली के मौके पर हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। स्थिति पर अधिकारियों की कड़ी नजर बनी हुई है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ