सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर मौसम पूर्वानुमान 14 से 18 जनवरी 2026: साफ मौसम, 17-18 कोहरे की संभावना
फतेहपुर, 14 जनवरी 2026
भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 14 जनवरी 2026 से 18 जनवरी 2026 तक फतेहपुर जिले में मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना व्यक्त की गई है। इस अवधि में वर्षा की कोई संभावना नहीं जताई गई है। किसानों एवं आम नागरिकों के लिए यह अवधि शुष्क मौसम वाली रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 एवं 18 जनवरी के दौरान जिले में घने कोहरे की स्थिति विकसित हो सकती है, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। दिन के समय हल्की धूप निकलने की भी संभावना व्यक्त की गई है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच तथा न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। हवा की दिशा प्रायः उत्तर-पश्चिमी रहेगी तथा हवा की गति सामान्य रहने की संभावना है।
कृषि मौसम विज्ञान के विषय वस्तु विशेषज्ञ वसीम खान, कृषि विज्ञान केंद्र फतेहपुर ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम का ध्यान रखते हुए रबी फसलों की सिंचाई एवं प्रबंधन कार्य करें तथा कोहरे के दौरान सुबह के समय अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ