सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
जल संरक्षण पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, स्वच्छ पेयजल को बताया भविष्य की धरोहर
फतेहपुर जनपद में वाटरएड द्वारा जिला स्तरीय जल संरक्षण एवं स्रोत स्थिरता विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, जल मित्र, पंप ऑपरेटर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सरकारी अधिकारी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
कार्यशाला की शुरुआत वाटरएड के जिला समन्वयक आदित्य मिश्र ने फतेहपुर जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर पर आधारित प्रस्तुतिकरण से की। उन्होंने जल संरक्षण एवं स्रोत स्थिरता को लेकर वाटरएड द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में गंगा समग्र अभियान के प्रतिनिधि प्रवीण पांडे एवं नेहरू युवा संगठन टीसी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने जिले की नदियों, झीलों एवं तालाबों के लगातार घटते अस्तित्व पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके संरक्षण के लिए प्रशासनिक प्रतिबद्धता एवं सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक विश्वनाथ तिवारी ने स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए जल स्रोतों के संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया तथा उपस्थित प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर जोर दिया। अंत में सभी ने स्वच्छ पेयजल को भावी पीढ़ियों की धरोहर बनाने का संकल्प लिया।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ