सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
सक्षम प्रांत कानपुर की आभासी बैठक में पत्रिका/स्मारिका प्रकाशन को लेकर बनी रणनीति
फतेहपुर! समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की प्रांत कानपुर इकाई द्वारा पत्रिका/स्मारिका प्रकाशन को मुख्य विषय बनाकर एक महत्वपूर्ण आभासी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रांत पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न जिलों के अध्यक्ष एवं सचिवों की सक्रिय सहभागिता रही।
बैठक का संचालन प्रांत सचिव डॉ. सुरेन्द्र विक्रम गोस्वामी ने किया तथा अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष मां देवनारायण सोनी ने की। आभासी व्यवस्था का कुशल संचालन प्रांत उपाध्यक्ष बृजेश कटियार द्वारा किया गया। बैठक का शुभारंभ संगठन मंत्र के वाचन से हुआ, जिसे प्रांत सह सचिव पंकज तिवारी ने प्रस्तुत किया, जबकि कल्याण मंत्र का वाचन प्रांत सह सचिव प्रशांत पांडेय द्वारा किया गया।
डॉ. सुरेन्द्र विक्रम गोस्वामी ने पत्रिका की उपयोगिता, उद्देश्य एवं उससे संगठन को होने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी दायित्वधारी कार्यकर्ताओं से आर्थिक सहयोग के साथ-साथ लिपिकीय सहयोग का भी आवाहन करते हुए इसे संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
प्रांत अध्यक्ष मां देवनारायण सोनी ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि संगठन में सक्रियता ही कार्य की सार्थकता सिद्ध करती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि हमारे पास समय है तो हमें संगठन के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए, क्योंकि निष्क्रियता संगठन की प्रगति में बाधक बनती है।
प्रांत उपाध्यक्ष एवं प्रचार-प्रसार प्रमुख पियूष द्विवेदी ने पत्रिका प्रकाशन की अब तक की प्रगति से सभी को अवगत कराते हुए इसे प्रांत की एक महत्वाकांक्षी परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकाशन के माध्यम से सक्षम की विचारधारा, कार्यप्रणाली और समाज में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों को व्यापक पहचान मिलेगी, जिससे संगठन की जड़ें धरातल पर और मजबूत होंगी।
महिला आयाम प्रमुख डॉ. मोनिका गोस्वामी ने सभी जिलों से अपील की कि वे पत्रिका में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों को भी समुचित मंच मिल सके।
बैठक में प्रांत उपाध्यक्षा सुमन चतुर्वेदी, प्रांत सह सचिव मनमोहन मिश्रा, प्रांत कोषाध्यक्ष शांति भूषण सिंह गौतम, कार्यालय प्रभारी दुर्गेश कुमार प्रजापति, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य धीरेन्द्र गुप्त व बृजराज सिंह, जिला अध्यक्ष बांदा डॉ. राहुल तिवारी, जिला अध्यक्ष झांसी भूषण कृष्ण गोस्वामी, सचिव झांसी ध्रुव चौधरी तथा सचिव कानपुर दीपक त्रिपाठी ने अपने विचार साझा किए और पत्रिका को संगठन विस्तार का प्रभावी माध्यम बताया।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सभी कार्यकर्ता मिलकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सफल बनाएंगे और सक्षम के उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। यह बैठक संगठनात्मक एकता, सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण बनी।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


0 टिप्पणियाँ