सक्षम फतेहपुर द्वारा श्री हनुमान चालीसा पाठ से सामाजिक समरसता का संदेश

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                     (हर खबर पर हमारी पकड़)

सक्षम फतेहपुर द्वारा श्री हनुमान चालीसा पाठ से सामाजिक समरसता का संदेश

फतेहपुर 20 जनवरी, 2026

समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की जिला इकाई फतेहपुर द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक समरसता के निर्माण के उद्देश्य से निरंतर विविध गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में कुटुंब प्रबोधन के भाव को साकार करते हुए श्री हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम का आयोजन आज मुराइनटोला स्थित श्री हनुमान मंदिर में संपन्न हुआ। इस आयोजन में सक्षम परिवार के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर सेवा, समर्पण और समावेशन का प्रेरक संदेश समाज तक पहुँचाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन मंत्र के उच्चारण से हुआ, तत्पश्चात सक्षम का परिचय, उसकी परिकल्पना, दृष्टिकोण एवं संगठन गीत का सामूहिक वाचन किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को सक्षम की कार्यपद्धति से अवगत कराया गया तथा यह संदेश दिया गया कि दिव्यांगजन समाज के सहारे नहीं, बल्कि उसकी शक्ति हैं। सक्षम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना और समान अवसर उपलब्ध कराना है।

इसके पश्चात कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धापूर्वक श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पाठ उपरांत प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान न होकर दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति और सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम बना।


इस अवसर पर सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष श्री पीयूष द्विवेदी ने प्रांत स्तर पर प्रकाशित होने वाली पत्रिका की जानकारी साझा की तथा जनपद फतेहपुर में संचालित प्रकल्पों की प्रगति के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सक्षम संगठन दिव्यांगजनों के लिए सेवा केंद्र, पुनर्वास, कौशल विकास, रोजगार एवं सामाजिक सहभागिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है, जिससे समाज में समावेशी वातावरण का निर्माण हो रहा है।

कार्यक्रम में जिला इकाई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिनमें चंद्रभान त्रिपाठी (उपाध्यक्ष), सीताराम सिंह चौहान (सचिव), दिनेश चंद्र त्रिपाठी (कोषाध्यक्ष), राजेश कुमार (अध्यक्ष, रोजगार आयाम), डॉ. शिव प्रसाद त्रिपाठी (सेवा केंद्र संचालक), छोटे लाल सह मीडिया प्रभारी, रामचंद्र शुक्ल, कृष्ण चंद्र केसरवानी (अध्यक्ष, अनुसंधान आयाम), बालकृष्ण गुप्ता, राजू सिंह चौहान, अनुराग अग्रवाल, प्रेमचंद शुक्ला, सर्वेश शुक्ला, प्रखर रस्तोगी एवं राम शंकर पाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

यह आयोजन दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देता है।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ