सक्षम के तत्वावधान में बाँदा के सेंट नेरोली स्कूल में हर्षोल्लास से मना गणतंत्र दिवस

सियासत पर नजर, बांदा 

                                        (हर खबर पर हमारी पकड़)

सक्षम के तत्वावधान में बाँदा के सेंट नेरोली स्कूल में हर्षोल्लास से मना गणतंत्र दिवस

बाँदा। दिव्यांगों के सशक्तिकरण हेतु समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम के तत्वावधान में सेंट नेरोली इंग्लिश स्कूल, कालुकुवां बाँदा परिसर में 26 जनवरी का राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जहाँ तिरंगे के आरोहण के समय संपूर्ण वातावरण राष्ट्रगान की गूंज से भाव-विभोर हो उठा।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएँ तथा सक्षम संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविताएँ एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को विशेष रूप से सार्थक बनाया। शिक्षकों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों के माध्यम से गणतंत्र की गरिमा, संविधान के मूल्यों तथा सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला।


विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती रश्मि सिंह कछवाह जी ने सक्षम संगठन के उपस्थित सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी गरिमामय उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया तथा संगठन द्वारा दिव्यांगजनों के उत्थान हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

सक्षम संगठन की ओर से प्रांतीय कोषाध्यक्ष शांतिभूषण, जिला सचिव रामनरेश कछवाह, उप सचिव रिंकू सिंह तोमर एवं राजेश सिंह पचनेही ने अपने संबोधन में दिव्यांगजनों के अधिकारों, आत्मनिर्भरता तथा समाज में उनके सम्मानजनक स्थान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र की सच्ची भावना तभी साकार होती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग समान अवसर और सम्मान प्राप्त करे।


विद्यालय परिवार ने संगठन के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं राष्ट्रीय आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।

(न्यूज़ डेस्क बांदा, 7007133475)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ