फतेहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारी बैठक सम्पन्न

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                       (हर खबर पर हमारी पकड़)

फतेहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारी बैठक सम्पन्न

फतेहपुर, 11 फरवरी 2026 — उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 को नकलविहीन, सुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सरदार वल्लभ पटेल प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री अविनाश त्रिपाठी ने की।


बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने हेतु केंद्र व्यवस्थापक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाओं जैसे फर्नीचर, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की पूर्व जांच अवश्य कर लें।


उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधन लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके। बालिकाओं की तलाशी केवल महिला कर्मियों द्वारा कराए जाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।


जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली सायं 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में 36,701 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 29,738 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की प्रभावी निगरानी हेतु जनपद को 03 जोन एवं 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से ऑनलाइन जोड़ा गया है। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहपुर में जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त स्वरोजगार, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ