सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर में ₹10 की अन्नपूर्णा थाली योजना गैस सिलेंडर की कमी से संकट में, गरीबों को सस्ती भोजन सेवा बंद होने का खतरा।
फतेहपुर:
गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संजीवनी बनी ₹10 की अन्नपूर्णा थाली योजना इन दिनों गंभीर संकट का सामना कर रही है। मानव सेवा परिवार जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा संचालित यह योजना पिछले तीन वर्षों से लगातार सैकड़ों लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध करा रही थी, लेकिन अब गैस सिलेंडर की कमी ने इस सेवा को ठप होने की कगार पर ला खड़ा किया है।
संस्था के संस्थापक राधेश्याम हयारण ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मजदूर, असहाय और जरूरतमंद लोग इस योजना का लाभ उठाते थे। मात्र ₹10 में मिलने वाली इस थाली ने कई परिवारों के लिए भोजन की चिंता खत्म कर दी थी।
हालांकि, पिछले कुछ समय से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। पहले जहां दानदाताओं और सहयोगियों के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध हो जाते थे, वहीं अब यह सहयोग भी लगभग बंद हो चुका है। इसके चलते भोजन बनाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं और सेवा प्रभावित हो रही है।
राधेश्याम हयारण ने बताया कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो यह जनसेवा पूरी तरह बंद करनी पड़ सकती है, जिससे सैकड़ों गरीबों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो जाएगा।
संस्था ने जिला प्रशासन, एसडीओ, गैस एजेंसी संचालकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण सेवा को बचाने के लिए आगे आएं। उन्होंने जिलाधिकारी सहित जनपदवासियों से भी सहयोग का आग्रह किया है, ताकि यह जनहितकारी पहल निरंतर जारी रह सके।
यह योजना केवल भोजन नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग के लिए एक सहारा है। ऐसे में यदि समय रहते सहयोग नहीं मिला, तो कई लोगों की थाली खाली रह सकती है।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ