फर्रुखाबाद में सक्षम संगठन की बैठक सम्पन्न, नए पदाधिकारियों को दायित्व प्रदान

सियासत पर नजर, फतेहपुर 

                                        (हर खबर पर हमारी पकड़)

फर्रुखाबाद में सक्षम संगठन की बैठक सम्पन्न, नए पदाधिकारियों को दायित्व प्रदान

फर्रुखाबाद के श्रीजी पैलेस में सक्षम संगठन की बैठक में नए पदाधिकारियों की घोषणा, अतिथियों का सम्मान और संगठन विस्तार पर चर्चा हुई।

फर्रुखाबाद। जनपद के श्रीजी पैलेस में सक्षम संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कानपुर प्रांत से आए पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत सह सचिव मा. पंकज तिवारी एवं प्रांत कोषाध्यक्ष मा. शांति भूषण द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।


इस अवसर पर संगठन के मंत्र, दृष्टिकोण, परिकल्पना एवं गीत के माध्यम से उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से अवगत कराया गया। फर्रुखाबाद की टोली द्वारा आगंतुक अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।


कार्यक्रम के दौरान प्रांत पदाधिकारियों ने सक्षम फर्रुखाबाद की नई जिला टीम की घोषणा की। जिसमें अजय कुमार बाजपेई को जिला संरक्षक, राजेश कुमार त्रिवेदी को अध्यक्ष, सुन्दर लाल गौड़ को सचिव तथा राजेश कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। वहीं महिला आयाम प्रमुख के रूप में श्रीमती प्रियंका दुबे एवं युवा आयाम प्रमुख के रूप में निखिल ठाकुर को जिम्मेदारी प्रदान की गई।


विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित औरैया के जिला अध्यक्ष विकास त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में संगठन की मजबूती एवं समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। फर्रुखाबाद के जिला अध्यक्ष ने भी अपने संबोधन में सौंपे गए दायित्वों को निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने का संकल्प व्यक्त किया।


कार्यक्रम के दौरान ललितपुर के जिला सचिव अजय जैन एवं फतेहपुर के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र जी की माताजी के हाल ही में हुए निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का संचालन फर्रुखाबाद जिला संयोजक अजय कुमार बाजपेई द्वारा किया गया। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा उपस्थित अतिथियों एवं सक्षम कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ