सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
फतेहपुर बार चुनाव 2026: 1602 अधिवक्ताओं ने किया मतदान, आज होगी मतगणना
फतेहपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही सरगर्मियों के बीच शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। चुनाव में अधिवक्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां अधिवक्ता अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के समर्थन में वोट डालते नजर आए।
इस चुनाव में कुल 1921 अधिवक्ता मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1602 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों के भाग्य को मतपेटियों में कैद कर दिया। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री व उनकी टीम की निगरानी में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो निर्धारित समय तक बिना किसी बाधा के सम्पन्न हुआ। मतदान के बाद अब सभी की नजरें शनिवार सुबह शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। देर रात तक परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।
इस बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए पांच और महामंत्री पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का माना जा रहा है। विभिन्न अधिवक्ता संगठनों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
सर्व समाज अधिवक्ता एवं व्यवस्था परिवर्तन संगठन से जहां बाबू सिंह यादव (अध्यक्ष) और मो. शाहजहां (महामंत्री) उम्मीदवार हैं, वहीं इसी संगठन के दूसरे गुट से जगनायक सचान (अध्यक्ष) और अनिल कुमार श्रीवास्तव (महामंत्री) चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा आदर्श अधिवक्ता संगठन के भी दो गुट मैदान में हैं। एक गुट से विजय कुमार सिंह (अध्यक्ष) और अनुराग नारायण पुत्तन मिश्रा (महामंत्री) तथा दूसरे गुट से रमेश चन्द्र भदौरिया (अध्यक्ष) और धर्मेन्द्र मिश्रा (महामंत्री) अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक शर्मा भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।
बार एसोसिएशन के कुल 21 पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जिनमें अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव (प्रकाशन), पुस्तकालय प्रशासन के पद के साथ-साथ वरिष्ठ और कनिष्ठ सदस्य के छह-छह पद शामिल हैं।
मतदान के दौरान समर्थक अधिवक्ताओं की सक्रियता भी देखने लायक रही। वे अपने उम्मीदवारों के समर्थन में चेंबरों और बस्तों पर जाकर वोट देने की अपील करते नजर आए।
अब सभी को मतगणना के नतीजों का इंतजार है, जहां कड़े मुकाबले के चलते हार-जीत का अनुमान लगाना मुश्किल बना हुआ है। चुनाव परिणाम आने के बाद ही यह तय होगा कि बार एसोसिएशन की कमान किसके हाथों में जाएगी।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)

0 टिप्पणियाँ