सियासत पर नजर, फतेहपुर
(हर खबर पर हमारी पकड़)
विश्व होम्योपैथिक दिवस पर डॉ. हैनिमैन को श्रद्धांजलि, जनपद में हुए विविध कार्यक्रम
फतेहपुर, 10 अप्रैल 2026
विश्व होम्योपैथिक दिवस के अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी कार्यालय प्रांगण में होम्योपैथी के जनक डॉ. क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमुअल हैनिमैन का जन्मदिन श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. अमरीष चन्द्रा ने कहा कि डॉ. हैनिमैन का जन्म 10 अप्रैल 1755 को जर्मनी में हुआ था। वे एक महान चिकित्सक के साथ-साथ दूरदर्शी विचारक भी थे। उन्होंने उस समय की चिकित्सा पद्धतियों की कमियों को समझते हुए एक नई चिकित्सा प्रणाली—होम्योपैथी—की खोज की, जो आज विश्वभर में अपनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि होम्योपैथी का मूल सिद्धांत “Similia Similibus Curentur” है, जिसका अर्थ है “जैसा रोग, वैसी दवा।” यह पद्धति शरीर की जीवनी शक्ति (Vital Force) को बढ़ाकर प्राकृतिक रूप से रोगों का उपचार करती है।
डा. जया निगम ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. हैनिमैन ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक “ऑर्गेनॉन ऑफ मेडिसिन” के माध्यम से होम्योपैथी के सिद्धांतों को विश्व के सामने प्रस्तुत किया। उनकी यह देन आज लाखों लोगों के जीवन को स्वस्थ बना रही है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जय सिंह पटेल ने बताया कि होम्योपैथी केवल रोग के लक्षणों पर नहीं, बल्कि व्यक्ति के सम्पूर्ण व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर उपचार करती है। वहीं डॉ. निहार रंजन वर्मा ने कहा कि यह पद्धति शरीर की स्व-चिकित्सा क्षमता को बढ़ाने पर आधारित है और इसमें दुष्प्रभाव नगण्य होते हैं।
डॉ. आयुष पटेल ने बताया कि होम्योपैथी में रोग के मूल कारण पर ध्यान दिया जाता है तथा दवाओं का परीक्षण स्वस्थ व्यक्तियों पर किया जाता है, जिसे ‘ड्रग प्रोविंग’ कहा जाता है। डॉ. अशोक वर्मा ने कहा कि यह पद्धति सभी आयु वर्ग के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी है और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करती है।
कार्यक्रम में डॉ. जय सिंह पटेल, डॉ. गणेश निगम, डॉ. अशोक वर्मा, डॉ. निहार रंजन वर्मा, डॉ. ऋचा श्रीवास्तव, डॉ. आयुष पटेल सहित अनेक चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद के सभी चिकित्सालयों में भी डॉ. हैनिमैन के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर और संगोष्ठियों का आयोजन कर आमजन को होम्योपैथी के प्रति जागरूक किया गया।
(न्यूज़ डेस्क फतेहपुर, 9936330179)



0 टिप्पणियाँ